ग्लोबल ई-कॉमर्स कंपनी अमेजॉन ने यूरोप के अपने फुलफिलमेंट केंद्रों में कर्मचारियों की मदद के लिए नेक्स्ट जैनरेशन का ‘प्रोटियस’ रोबोट पेश किया, जो अधिक मेहनत की जरूरत वाले कार्यों को संभालेगा। फुलफिलमेंट केंद्र में ऑनलाइन ऑर्डर की प्रोसेसिंग, पैकिंग और सप्लाई की तैयारी होती है। ‘डिलीवरिंग द फ्यूचर’ कार्यक्रम में उन्नत प्रौद्योगिकी पर आधारित प्रोटियस पेश करते हुए कहा कि यह रोबोट साधारण बातचीत के जरिए दिए गए निर्देश समझकर काम कर सकता है और कर्मचारियों का बोझ हल्का करने में मददगार होगा। यह रोबोट भारी ट्रॉली को खींचने और लंबी दूरी तय करने जैसे काम करेगा, जिससे कर्मचारी फुलफिलमेंट केंद्रों में मौजूद स्टॉक के प्रबंधन और गुणवत्ता नियंत्रण जैसे कौशल आधारित कार्यों पर ध्यान दे सकेंगे। नई प्रौद्योगिकी मौजूदा स्वायत्त रोबोट का उन्नत संस्करण है, जिससे इसके काम करने का दायरा एवं क्षमता बढ़ी है और यह रोबोट कर्मचारियों के दैनिक कार्यों में अधिक प्रभावी सहायता कर सकता है।