इटली की डुकाटी ने भारत में अपनी लिमिटेड एडिशन सुपरबाइक डुकाटी पैनिगाले वी4 लेम्बॉर्गिनी लॉन्च कर दी है। इस बाइक की एक्स-शोरूम कीमत 1 करोड़ है। कंपनी के अनुसार यह मॉडल दुनिया भर में पहले ही पूरी तरह बिक चुका है। लिमिटेड एडिशन सुपरबाइक की केवल 630 यूनिट्स बनाई जाएंगी और हर बाइक पर यूनिट नंबर लिखा होगा। कंपनी ने पैनिगाले वी4 लेम्बॉर्गिनी स्पेशाले क्लिएंटी एडिशन पेश किया है, जिसकी केवल 63 यूनिट्स बनाई जाएंगी और केवल लेम्बॉर्गिनी यूजर को ही मिलेंगी। लैम्बो यूजर चाहें तो इस सुपरबाइक को कार की ही तरह कस्टमाइज पेंट करवा सकते हैं। यह डुकाटी और लेम्बॉर्गिनी के बीच तीसरी पार्टनरशिप है। इससे पहले दोनों कंपनियां स्ट्रीटफाइटर वी4 लेम्बॉर्गिनी और डियावेल 1260 लेम्बॉर्गिनी मॉडल पर साथ काम कर चुकी हैं। नई पैनिगाले वी4 लेम्बॉर्गिनी को लेम्बॉर्गिनी की फ्लैगशिप हाइब्रिड सुपरकार लेम्बॉर्गिनी रेवुएल्टो की थीम पर तैयार किया गया है। इसमें 1,103 सीसी डेस्मोसेडिची स्ट्राडाले वी4 इंजन दिया गया है, जो 218.5 हॉर्सपावर और 122.1 एनएम टॉर्क पैदा करता है। इंजन के साथ 6-स्पीड गियरबॉक्स और ड्राई क्लच सेटअप जुड़ा है। बाइक में अक्रापोविच टाइटेनियम एग्जॉस्ट और कार्बन फाइबर एंड कैप्स दिए गए हैं। इसमें डुकाटी इलेक्ट्रॉनिक सस्पेंशन 3.0, ओहलिन्स स्मार्ट ईसी 3.0 सस्पेंशन, रेस ईसीबीएस, डुकाटी वेहीकल ऑब्जर्वर सिस्टम, एडजस्टेबल ब्रेक और क्लच लीवर तथा रेसिंग विंडशील्ड जैसे हाई-एंड फीचर्स दिए गए हैं। हर बायर को यूनिक नंबर वाली चाबी, ऑथेंटिसिटी सर्टिफिकेट, खास बाइक कवर, भी दिया जाएगा।