देश में फिजिकल लेबर करने वाले और सैमी स्किल्ड सर्विस सेक्टर में लगे कर्मचारियों में अधिक महिलाएं और पहली बार नौकरी तलाश रहे युवा बेहतर रोजगार और अधिक वेतन के लिए अपने गृह नगरों से बाहर जा रहे हैं, जिससे जनवरी-अप्रैल, 2026 के दौरान नौकरी संबंधी पलायन में 31.4 प्रतिशत की सालाना वृद्धि दर्ज की गई है। एक रिपोर्ट में यह बात कही गई। नौकरी के बारे में सूचना देने वाले मंच वर्कइंडिया की रिपोर्ट के अनुसार, देश के श्रम बाजार में एक महत्वपूर्ण बदलाव देखा जा रहा है, जिसमें अधिक महिलाएं, फ्रेशर और विभिन्न क्षेत्रों के कामगार बेहतर अवसरों की तलाश में अपने शहर से बाहर नौकरी के लिए आवेदन कर रहे हैं। आंकड़ों के मुताबिक, जनवरी-अप्रैल, 2026 के दौरान अन्य शहरों के लिए 86 लाख नौकरी आवेदन किए गए, जबकि बज वर्ष इसी अवधि में यह संख्या 65 लाख थी। यह 31.4 प्रतिशत की वृद्धि दर्शाता है। यह उसी शहर में किए गए आवेदनों की 20.2 प्रतिशत वृद्धि से काफी अधिक है, जिससे स्पष्ट होता है कि दूसरे शहरों में नौकरी तलाशने वाले कामगारों की संख्या स्थानीय स्तर पर नौकरी तलाशने वालों की तुलना में 1.5 गुना तेजी से बढ़ रही है। इसके परिणामस्वरूप, प्लेटफॉर्म पर लगभग 24.1 प्रतिशत पेशेवर अब अपने गृह नगर से बाहर नौकरी के अवसर तलाश रहे हैं, जबकि एक वर्ष पहले यह आंकड़ा 22.5 प्रतिशत था। रिपोर्ट 3.5 करोड़ से अधिक नौकरी आवेदनों के विश्लेषण पर आधारित है।