भारतीय शेयर बाजार में रिकॉर्ड ऊंचाइयों, वैश्विक आर्थिक अनिश्चितताओं और बदलते निवेश परिदृश्य के बीच निवेशकों का रुझान तेजी से ऐसे फंडों की ओर बढ़ रहा है जो उन्हें विविधता, लचीलापन और दीर्घकालिक संपत्ति निर्माण का अवसर प्रदान करें। इसी परिप्रेक्ष्य में फ्लेक्सी कैप फंड निवेशकों के बीच तेजी से लोकप्रिय हो रहे हैं। बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि मौजूदा दौर में जब आर्थिक परिस्थितियां लगातार बदल रही हैं, तब ऐसे फंड निवेशकों को एक ही प्लेटफॉर्म पर बड़े, मझोले और छोटे आकार की कंपनियों में निवेश का अवसर देकर जोखिम और रिटर्न के बीच संतुलन स्थापित करने में मदद करते हैं। पराग पारिख फ्लेक्सी कैप फंड को इस श्रेणी के प्रमुख फंडों में गिना जाता है। इसकी विशेषता यह है कि यह भारतीय बाजार के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय कंपनियों में भी निवेश कर सकता है। फंड की रणनीति केवल तेजी से बढ़ती कंपनियों की तलाश तक सीमित नहीं है, बल्कि उन व्यवसायों की पहचान करना है जिनकी वित्तीय स्थिति मजबूत हो, नकदी प्रवाह बेहतर हो और जिनका प्रबंधन निवेशकों के हितों को प्राथमिकता देता हो। क्यों बढ़ रही है फ्लेक्सी कैप फंड की लोकप्रियता? : विशेषज्ञों का कहना है कि पारंपरिक इक्विटी फंड अक्सर किसी विशेष मार्केट कैप या सेक्टर तक सीमित रहते हैं, जबकि फ्लेक्सी कैप फंड में फंड मैनेजर को बाजार की परिस्थितियों के अनुसार निवेश का अनुपात बदलने की स्वतंत्रता होती है। यदि बड़े शेयर आकर्षक लगते हैं तो निवेश वहां बढ़ाया जा सकता है, जबकि अवसर दिखने पर मिडकैप और स्मॉलकैप कंपनियों में भी हिस्सेदारी बढ़ाई जा सकती है। यही लचीलापन इस श्रेणी को अन्य इक्विटी योजनाओं से अलग बनाता है।
वित्तीय सलाहकारों का मानना है कि निवेशक अब केवल उच्च रिटर्न की तलाश नहीं कर रहे, बल्कि वे ऐसे विकल्प चाहते हैं जो बाजार की गिरावट के दौरान भी अपेक्षाकृत संतुलित प्रदर्शन कर सकें। फ्लेक्सी कैप फंड इसी आवश्यकता को पूरा करते दिखाई देते हैं। देशी सोच, वैश्विक नजरिया : फंड की सबसे चर्चित विशेषताओं में से एक इसका ‘लोकल फंड विद ग्लोबल फोकस’ मॉडल है। फंड भारतीय कंपनियों के साथ-साथ चुनिंदा विदेशी कंपनियों में भी निवेश कर सकता है। इससे निवेशकों को अमेरिका, यूरोप और विकसित एशियाई अर्थव्यवस्थाओं में मौजूद अवसरों का अप्रत्यक्ष लाभ मिलता है। बाजार विश्लेषकों के अनुसार वैश्विक निवेश का सबसे बड़ा लाभ यह है कि किसी एक देश या क्षेत्र विशेष में आर्थिक मंदी आने पर पोर्टफोलियो पर उसका प्रभाव सीमित हो सकता है। अलग-अलग देशों और उद्योगों में निवेश से ‘कंट्री रिस्क’ कम होता है तथा पोर्टफोलियो अधिक संतुलित बनता है। कैसे चुनी जाती हैं विदेशी कंपनियां? : फंड प्रबंधन टीम के अनुसार विदेशी निवेश के लिए उन देशों को प्राथमिकता दी जाती है जहां शेयर बाजार विकसित हों, कॉरपोरेट गवर्नेंस मजबूत हो और वित्तीय रिपोर्टिंग पारदर्शी हो। इसके बाद उन कंपनियों का चयन किया जाता है जो वैश्विक स्तर पर कारोबार करती हों, जिनका व्यवसाय मजबूत हो और जिनके शेयर उचित मूल्यांकन पर उपलब्ध हों। वर्तमान में ध्यान मुख्य रूप से अमेरिका, पश्चिमी यूरोप और विकसित एशियाई देशों की कंपनियों पर केंद्रित है। वैल्यू इन्वेस्टिंग की रणनीति : फंड का निवेश दर्शन ‘वैल्यू इन्वेस्टिंग’ पर आधारित है। इसका अर्थ है कि ऐसी कंपनियों में निवेश करना जिनकी वास्तविक क्षमता बाजार मूल्य से अधिक हो सकती है। फंड कम कर्ज, मजबूत नकदी प्रवाह और प्रतिस्पर्धात्मक बढ़त वाली कंपनियों को प्राथमिकता देता है। विशेषज्ञ बताते हैं कि लंबे समय में गुणवत्तापूर्ण व्यवसायों में निवेश ही वास्तविक संपत्ति निर्माण का आधार बनता है। यही कारण है कि फंड प्रबंधन टीम केवल शेयरों की कीमतों को नहीं बल्कि पूरे व्यवसाय का गहन अध्ययन करती है।
सिर्फ शेयर नहीं, पूरे व्यवसाय का अध्ययन : फंड की निवेश प्रक्रिया कई चरणों में पूरी होती है। सबसे पहले संभावित कंपनियों की सूची तैयार की जाती है। इसके बाद संबंधित सेक्टर का अध्ययन, प्रतिस्पर्धी कंपनियों का विश्लेषण, प्रबंधन की विश्वसनीयता की जांच और मूल्यांकन का आकलन किया जाता है। अंतत: पोर्टफोलियो का निर्माण करते समय क्षेत्रीय और भौगोलिक विविधता सुनिश्चित की जाती है ताकि किसी एक सेक्टर या कंपनी पर अत्यधिक निर्भरता न रहे।
जोखिम प्रबंधन पर विशेष ध्यान : विदेशी निवेश के साथ मुद्रा जोखिम भी जुड़ा होता है। इसे ध्यान में रखते हुए फंड आंशिक रूप से करेंसी हेजिंग की रणनीति अपनाता है। इसका उद्देश्य रुपये में होने वाले उतार-चढ़ाव के कारण निवेशकों पर पडऩे वाले संभावित नकारात्मक प्रभाव को कम करना है। कर लाभ भी आकर्षण का कारण : फंड की संरचना ऐसी है कि इसकी बड़ी हिस्सेदारी भारतीय इक्विटी में निवेशित रहती है। इसी कारण इसे भारतीय इक्विटी म्यूचुअल फंड के समान कर लाभ प्राप्त होते हैं, जबकि निवेशकों को विदेशी कंपनियों में निवेश का अतिरिक्त अवसर भी मिलता है। किसके लिए उपयुक्त है यह योजना? : विशेषज्ञों के अनुसार यह योजना उन निवेशकों के लिए अधिक उपयुक्त है जो :
द्य लंबी अवधि के लिए निवेश करना चाहते हैं।
द्य बाजार की अस्थिरता से घबराने के बजाय उसे अवसर मानते हैं।
द्य जटिल निवेश रणनीतियों के बजाय सरल और विविधीकृत समाधान चाहते हैं।
द्य वैश्विक और भारतीय दोनों बाजारों की विकास संभावनाओं का लाभ लेना चाहते हैं।
बाजार में उतार-चढ़ाव चाहे जितना भी हो, निवेश की दुनिया में एक बात स्थायी है—विविधीकरण और धैर्य। फ्लेक्सी कैप फंड इन्हीं दो सिद्धांतों को केंद्र में रखकर निवेशकों को लंबी अवधि में संपत्ति निर्माण का अवसर प्रदान करने का दावा करते हैं। ऐसे समय में जब निवेशक सुरक्षित लेकिन विकासोन्मुख विकल्पों की तलाश में हैं, यह श्रेणी निवेश जगत की सबसे चर्चित कहानियों में से एक बनकर उभरी है।