सार्वजनिक क्षेत्र के केनरा बैंक ने सोमवार का मार्च में समाप्त तिमाही के दौरान एकल शुद्ध लाभ सालाना आधार पर 10 प्रतिशत घटकर 4,506 करोड़ रुपये रहा है। बेंगलुरु मुख्यालय वाले इस बैंक ने एक साल पहले की समान तिमाही में 5,002.66 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ दर्ज किया था। केनरा बैंक ने शेयर बाजार को बताया कि जनवरी-मार्च, 2026 में उसकी कुल आय भी 1.85 प्रतिशत घटकर 36,662 करोड़ रुपये रह गई, जो इससे पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में 37,353 करोड़ रुपये थी। समीक्षाधीन तिमाही में बैंक की शुद्ध ब्याज आय (एनआईआई) लगभग चार प्रतिशत बढक़र 9,808 करोड़ रुपये रही, जो पहले 9,442 करोड़ रुपये थी। संपत्ति की गुणवत्ता के मोर्चे पर बैंक की सकल गैर-निष्पादित आस्तियां (जीएनपीए) या फंसे हुए कर्ज में सुधार हुआ है। मार्च, 2026 के अंत में यह कुल अग्रिम का 1.84 प्रतिशत रहा, जबकि मार्च, 2025 के अंत में यह 2.94 प्रतिशत था। बैंक ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए प्रति इक्विटी शेयर 4.20 रुपये के लाभांश की सिफारिश की है। पूरे वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान बैंक का मुनाफा सालाना आधार पर 12.7 प्रतिशत बढक़र 19,187 करोड़ रुपये हो गया।