भारत में बैटरी बनाने वाली कंपनियों के सामने एक बड़ी चुनौती सामने आई है। देश में बैटरी के जरूरी कंपोनेंट बनाने की प्रोडक्शन कॉस्ट इम्पोर्टेड प्रोडक्ट के मुकाबले 60% तक ज्यादा है। एक नई रिपोर्ट के मुताबिक, भारतीय कंपनियों को बैटरी के अलग-अलग पार्ट्स बनाने में 18% से 61% तक ज्यादा खर्च करना पड़ रहा है। ऐसे में देश में बैटरी मेन्यूफेक्चरिंग को बढ़ावा देने की सरकार की कोशिशों के सामने लागत एक बड़ी चुनौती बनकर उभर रही है। नेट जीरो एनर्जी ट्रांजिशन अलायंस (एनईटीआरए) और अन्य संस्थाओं की रिपोर्ट में बताया गया है कि भारत में कैथोड और एनोड मटेरियल, इलेक्ट्रोलाइट, सेपरेटर और कॉपर फॉइल बनाने की कॉस्ट इम्पोर्टेड प्रोडक्ट के मुकाबले काफी ज्यादा है। यह रिपोर्ट एनईटीआरए ने एआरसीआई, सीएसआईआर-एनसीएल, आईआईटी मद्रास और डेलॉयट के साथ मिलकर तैयार की है। भारी उद्योग मंत्रालय ने इसे जारी किया है। इसमें 20 से ज्यादा भारतीय कंपनियों के आंकड़ों का एनालिसिस किया गया है। यह रिपोर्ट ऐसे समय आई है, जब सरकार बैटरी कंपोनेंट बनाने वाली घरेलू कंपनियों को सपोर्ट देने के लिए एक स्पेशल स्कीम लाने पर विचार कर रही है। रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि ग्लोबल बैटरी कंपोनेंट सप्लाई चेन पर चीन का लगभग पूरा दबदबा है। ऐसे में भारत के लिए इस सेक्टर में अपनी मजबूत जगह बनाना आसान नहीं होगा। एनईटीआरए के अधिकारियों के मुताबिक, नए मैन्युफैक्चरर्स को शुरुआती पांच से छह साल तक प्रोडक्शन के दौरान ज्यादा मटेरियल वेस्टेज का सामना करना पड़ता है। अलग-अलग कंपोनेंट की कॉस्ट में अंतर के पीछे भी कई वजहें हैं। रिपोर्ट के अनुसार, बैटरी सेल की कुल मेन्यूफेक्चरिंग कॉस्ट में कंपोनेंट की हिस्सेदारी करीब 76त्न है। ऐसे में इनकी लागत कम करना बेहद जरूरी है। भारत में बैटरी की डिमांड आने वाले वर्षों में तेजी से बढऩे वाली है। रिपोर्ट के अनुमान के मुताबिक, देश में बैटरी की डिमांड 2025 के करीब 33 गीगावाट घंटे से बढक़र 2032 में 236 गीगावाट घंटे और 2037 तक करीब 600 गीगावाट घंटे पहुंच सकती है। इतनी बड़ी संभावित डिमांड को देखते हुए घरेलू स्तर पर बैटरी कंपोनेंट का प्रोडक्शन बढ़ाना और उनकी कॉस्ट कम करना भारत के लिए अहम होगा।