मुंबई एयरपोर्ट से नवी मुंबई एयरपोर्ट पर कुछ इंटरनेशनल उड़ानों का स्थानांतरण मार्च, 2027 तक टाल दिया गया है। अदाणी एयरपोर्ट्स ने एयरलाइन कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक के बाद यह फैसला किया। सूत्रों ने यह जानकारी दी। अदाणी एयरपोर्ट्स होल्डिंग्स लिमिटेड (एएएचएल) अगले साल मुंबई हवाई अड्डे के टर्मिनल-1 (टी1) का नवीनीकरण शुरू करने वाली है। इसके मद्देनजर एयरलाइन कंपनियों से 25 अक्टूबर तक अपनी अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में 33 प्रतिशत की कटौती करने या उन्हें नवी मुंबई हवाई अड्डे पर स्थानांतरित करने को कहा गया था। इसी दिन से शीतकालीन उड़ान कार्यक्रम भी शुरू होना है। एयरलाइन कंपनियों के विरोध के बाद मुंबई हवाई अड्डे ने उन्हें सूचित किया था कि इस योजना को लागू करने में कुछ सप्ताह की देरी होगी। मुंबई और नवी मुंबई, दोनों हवाई अड्डे एएएचएल के तहत हैं। मुंबई हवाई अड्डे का संचालन मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (एमआईएएल) करती है।