महिलाओं को वित्तीय रूप से सशक्त बनाने और निवेश के प्रति जागरुकता बढ़ाने के उद्देश्य से एचडीएफसी म्यूचुअल फंड ने देशव्यापी निवेशक शिक्षा एवं जागरुकता अभियान ‘नारी निवेश यात्रा’ का शुभारंभ किया है। इस पहल का शुभारंभ मुंबई के ब्रांदा स्थित चेतना कॉलेज में किया गया। कंपनी के अनुसार यह 6 महीने का व्यापक जन-जागरूकता अभियान होगा, जिसके तहत 2 विशेष वाहन देश के विभिन्न हिस्सों में यात्रा करेंगे और अनेक शहरों एवं कस्बों तक पहुंचेंगे। यात्रा के दौरान नुक्कड़ नाटकों और इंटरैक्टिव निवेशक जागरूकता सत्रों के माध्यम से लोगों को निवेश, वित्तीय योजना और दीर्घकालिक धन-सृजन से जुड़े विषयों की जानकारी दी जाएगी। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य जमीनी स्तर पर महिलाओं तक पहुंच बनाना है। इसके अंतर्गत देश भर में महिला स्वयं सहायता समूहों के साथ 60 विशेष सत्र आयोजित किये जायेंगे। इन सत्रों में वित्तीय योजना, लक्ष्य-आधारित निवेश, दीर्घकालिक संपत्ति निर्माण तथा अनुशासित निवेश की आदतों पर चर्चा की जायेगी। एचडीएफसी एसेट मैनेजमेंट कंपनी लिमिटेड के एमडी व सीईओ नवनीत मुनोत ने कहा कि इंडिया में महिलाएं परिवार की सबसे अनुशासित बचतकर्ता होती हैं, लेकिन व्यक्तिगत वित्त और निवेश को लेकर सही संवाद के अभाव में संरचित निवेश तक उनकी पहुंच सीमित रही है। महिलाओं में निवेश के प्रति जागरुकता बढ़ाने पर फोकस किया जाएगा। नुक्कड़ नाटक और ऑडियो विजुअल कार्यक्रमों के माध्यम से जागरुकता फैलाएंंगे।