जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले में गर्मियों की शुरुआत के साथ ही पर्यटन गतिविधियां तेज हो गई हैं। खासतौर पर चिनाब नदी के किनारे मौजूद रिवर राफ्टिंग स्थलों पर पर्यटकों की भारी भीड़ देखने को मिल रही है। प्राकृतिक सुंदरता, धार्मिक आस्था और एडवेंचर का अनोखा संगम रियासी को इस मौसम में पर्यटकों की पसंदीदा जगह बना रहा है। रियासी पहुंच रहे पर्यटक चिनाब नदी में रिवर राफ्टिंग का भरपूर आनंद ले रहे हैं। एक पर्यटक ने क हा कि उन्होंने जम्मू-कश्मीर की खूबसूरती के बारे में बहुत सुना था, लेकिन यहां आकर जो अनुभव मिला, वह उनकी कल्पना से भी ज्यादा खूबसूरत और मनमोहक है। उन्होंने कहा कि चिनाब नदी में राफ्टिंग करना उनके लिए बेहद रोमांचक और यादगार अनुभव रहा। रियासी जिला गर्मियों में धार्मिक पर्यटन, प्राकृतिक सुंदरता और एडवेंचर गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनता जा रहा है। यहां मौजूद माता वैष्णो देवी धाम दुनिया भर के श्रद्धालुओं को आकर्षित करता है। इसके अलावा 100 फीट ऊंचा सियाड़ बाबा झरना भी पर्यटकों के लिए बड़ा आकर्षण है। इसकी ठंडी फुहारें, प्राकृतिक जलकुंड और हरियाली लोगों को गर्मी से राहत देते हैं।भगवान शिव को समर्पित प्राचीन शिव खोरी गुफा भी श्रद्धालुओं के बीच खास लोकप्रिय है। वहीं बाबा धनसर क्षेत्र, करुआ झील और आसपास के घने जंगल पर्यटकों को सुकून और ठंडक का अहसास कराते हैं। एडवेंचर पसंद करने वालों के लिए चिनाब नदी में व्हाइट वॉटर राफ्टिंग और पहाड़ी इलाकों में ट्रैकिंग की सुविधा भी आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। इसके अलावा पहाड़ी पर स्थित ऐतिहासिक भीमगढ़ किला और प्राकृतिक जलधाराओं से घिरा देवी पिंडी ट्रैक भी पर्यटकों को खूब लुभा रहा है। गर्मियों के इस मौसम में रियासी अब श्रद्धा, रोमांच और प्राकृतिक खूबसूरती का शानदार पर्यटन केंद्र बनकर उभर रहा है।