रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड (आरआईएल) के चेयरमैन एवं मैनेजिंग डायरेक्टर मुकेश अंबानी ने कहा कि कंपनी उपभोक्ता उत्पाद कारोबार को मजबूत करने और ग्लोबल पे्रजेंस का विस्तार करने के उद्देश्य से उन्नत मेन्यूफेक्चरिंग तथा निर्यात मंच विकसित कर अपनी वृद्धि के अगले चरण की तैयारी कर रही है। रिलायंस इंडस्ट्रीज की 49वीं वार्षिक आम बैठक को संबोधित करते हुए अंबानी ने कहा कि रिलायंस रिटेल और उसकी रोजमर्रा के सामान बेचने वाली इकाई रिलायंस कंज्यूमर प्रोडक्ट्स लिमिटेड (आरसीपीएल) के बीच दो नए ‘वृद्धि को गति देने वाले मंच’ जोड़े जाएंगे, जो कंपनी के लिए एक और बड़ी छलांग साबित होगी। उन्होंने कहा कि कंपनी पेय पदार्थों और दैनिक उपयोग की वस्तुओं से लेकर सबसे असंगठित श्रेणियों में से एक ताजे फल एवं सब्जियों तक फैला एक मेन्यूफेक्चरिंग प्लेटïफार्म तैयार कर रही है। इस क्षेत्र में अपव्यय कम करने, स्वच्छता को बढ़ावा देने और सुरक्षा मानकों में सुधार की तत्काल आवश्यकता है। हम अपनी खरीद, कोल्ड चेन और वितरण क्षमताओं का उपयोग कर ताजे फल एवं सब्जियों के कारोबार का आधुनिकीकरण करेंगे। इससे किसानों को बेहतर मूल्य मिलेगा, दुकानदारों को भरोसेमंद आपूर्ति सुनिश्चित होगी और उपभोक्ताओं को उचित कीमत पर अधिक ताजा खाद्य उत्पाद उपलब्ध होंगे। उन्होंने कहा कि कंपनी प्रतिस्पर्धी कीमतों पर उच्च गुणवत्ता वाले परिधान उपलब्ध कराने के लिए भविष्य के अनुरूप परिधान मेन्यूफेक्चरिंग परिवेश भी विकसित कर रही है। इस पहल के लिए रिलायंस ने देशभर के 21 विनिर्माण केंद्रों में आपूर्तिकर्ताओं के साथ साझेदारी की है। अंबानी ने कहा कि समूह किफायती इलेक्ट्रॉनिक्स मेन्यूफेक्चरिंग का भी विस्तार करेगा। इसके तहत स्मार्ट चश्मे, टेलीविजन, स्मार्टफोन और कनेक्टेड वियरेबल्स जैसे उत्पादों का विनिर्माण किया जाएगा, जबकि ग्राहक सेवा पर विशेष ध्यान बनाए रखा जाएगा। अंबानी ने कहा कि कंपनी एक निर्यात मंच भी स्थापित कर रही है, जो खुदरा क्षेत्र में उसके मेन्यूफेक्चरिंग प्लेटïफार्म का स्वाभाविक विस्तार होगा। उन्होंने कहा, भारत में हमारे उपभोक्ता ब्रांड कारोबार की तेज वृद्धि ने हमें एक मजबूत और विस्तार योग्य वैश्विक एफएमसीजी कारोबार विकसित करने का भरोसा दिया है। हमारी निर्यात यात्रा हमारे ब्रांड की बढ़ती ताकत, प्रतिस्पर्धी उत्पाद पोर्टफोलियो और वैश्विक बाजारों में विविध उपभोक्ता जरूरतों को पूरा करने की क्षमता को दर्शाती है। वित्त वर्ष 2025-26 में रिलायंस रिटेल की बिक्री और सेवाओं का मूल्य 3,71,085 करोड़ रुपये रहा, जो वित्त वर्ष 2024-25 की तुलना में 12.1 प्रतिशत अधिक है। करीब 20 साल पहले हैदराबाद में अपने पहले स्टोर के साथ शुरुआत करने वाली रिलायंस रिटेल अब 20,000 से अधिक स्टोर संचालित कर रही है।