भीलवाड़ा। औद्योगिक शहर के विकास के लिए नगर विकास न्यास ने शहर में कॉलोनियों स्थापित करने के साथ ही पहली बार औद्योगिक क्षेत्र विकसित करने की योजना पर कार्य करना शुरू कर दिया है। इसके लिए न्यास ने 100 भूमि का चयन भी कर लिया है। यहां औद्योगिक क्षेत्र विकसित कर लघु उद्योग लगाने वालों को भूमि उपलब्ध कराई जाएगी। न्यास यचिव आशीष शर्मा ने बताया कि नगर विकास न्यास अपनी पुरानी सभी योजनाओं पर कार्य करती रहेगी, लेकिन शहर के विकास के लिए तीन बड़े प्रोजेक्ट को हाथ में लिया है। उन्होंने बताया कि औद्योगिक नगर में नए उद्योग लगाने वालों के लिए भूमि की सबसे बड़ी समस्या है, वही शहरी क्षेत्र में चल रही औद्योगिक इकाइयों से प्रदूषण की समस्या है। उन्हें भी न्यास के विजयराजे सिंधिया औद्योगिक नगर में स्थापित की जाएगी। इससे लोगों को स्वच्छ वातावरण मिल सके। इस कार्य के लिए करीब 100 बीघा भूमि का चयन कर लिया गया और इस पर शीघ्र ही काम शुरू कर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि योजना के पास ही न्यास के और भी भूमि उपलब्ध है, जरूरत हुई तो क्षेत्र का विस्तार किया जा सकता है। शर्मा ने बताया कि किसी भी बड़े शहर के विकास और विस्तार के लिए सड़क मार्ग की कनेक्टीविटी पर निर्भर करता है।
इसके लिए शहर के अधूरे पड़े बाइपास और जोधड़ास के निकट प्रस्तावित रेलवे ओवरब्रिज के निर्माण कार्य को हाथ में लेना है। इस योजना को न्यास ने तीन वर्ष पहले ही स्वीकृत कर दिया था लेकिन इस पर निर्माण कार्य शुरू नहीं होने से नए टेंडर जारी कर समय सीमा में पूरा करने की प्राथमिकता है। इसके अतिरिक्त शहर के रोडमैप का नए सिरे से अध्ययन किया जाएगा, जहां कही बाधा होगी उसे दूर किया जाएगा। उन्होंने बताया कि गायत्री नगर को जाने वाला सड़क मार्ग पहले से मास्टरप्लान में 100 फीट है, लेकिन सड़क के एक और करीब 60-70 पक्के निर्माण कर मकान बना लिए गए हैं। उन्हें हटाने की योजना है। शर्मा ने बताया कि आगे से स्थायी अवैध पक्के निर्माण कार्य नहीं हो, इसके लिए क्षेत्र में कार्य कर रहे न्यास कर्मियों कीे जिम्मेदारी होगी। उन्होंने बताया कि न्यास क्षेत्र में सभी प्रकार के अतिक्रमण हटाने की योजना पर कार्य शुरू कर दिया गया है। इसके तहत कई क्षेत्रों में अतिक्रमण हटा भी दिए गए हैं। इससे शहर के यातायात को सुगम बनाने में बहुत अधिक सहयोग मिलेगा। इसके अतिरिक्त शहर के भीतर न्यास की ओर से व्यवसायिक प्रतिष्ठान निर्माण की अनुमति दी गई, लेकिन उन स्थानों के पार्किंग स्थल पर अन्य गतिविधियों का संचालन हो रहा है। ऐसे व्यवसायिक प्रतिष्ठानों को सीज करने की कार्यवाही की जाएगी। शर्मा ने बताया कि न्यास द्वारा वस्त्रनगरी के दो पर्यटन स्थलों को भी विकसित किया जाएगा। इनमें नेहरू उद्यान और मानसरोवर झील प्रमुख है। इनका विकास कर यहां पर पर्यटकों के मनोरंजन के लिए सभी तरह की सुविधाएं उपलब्ध कराए जाने की योजना हैं। इसके अतिरिक्त शहर के मध्य से निकल रही कोठारी नदी के दोनों किनारे पर धारा-16 की पालना करते हुए विकास कार्य कराए जाने की योजना तैयार कर ली गई है। -निजी संवाददाता