बायोडीजल बनाने वाली प्रमुख कंपनी वड़ोदरा बेस्ड कोटयार्क इंडस्ट्रीज लिमिटेड ने हाल ही में अपने शेयरधारकों के लिए बड़े तोहफे का ऐलान किया है। कंपनी ने 10:1 के रेशियो में बोनस शेयर बांटने का एलान किया है। यानी कंपनी अपने शेयरहोल्डर को हर 1 शेयर पर 10 बोनस शेयर देगी। कंपनी अपने शेयरधारकों को पहली बार बोनस शेयर इश्यू कर रही है। कंपनी ने अभी बोनस शेयर की रिकॉर्ड डेट अनाउंस नहीं की है। कोटयार्क इंडस्ट्रीज के शेयर शुक्रवार को बीएसई पर 443.50 रुपए पर कारोबार कर रहे थे। कंपनी के शेयर पिछले 6 माह के दौरान 82 फीसदी से अधिक उछल गए हैं। पिछले 4 महीने के दौरान कंपनी के शेयर 110 फीसदी से अधिक चढ़ गए हैं। कंपनी ने हाल ही में मार्च 2026 क्वार्टर के साथ फाइनेंशियल ईयर 2026 में भी सॉलिड फाइनेंशियल परफॉर्मेंस दर्ज किया था। मार्च 2026 क्वार्टर में कंपनी की रेवेन्यू 220 फीसदी बढक़र 63.66 करोड़ रुपए हो गई, जो मार्च 2025 क्वार्टर में 19.86 करोड़ रुपए थी। इस दौरान कंपनी का नेट प्रॉफिट 521 फीसदी बढक़र 1.51 करोड़ रुपए के मुकाबले 9.38 करोड़ रुपए दर्ज किया गया। वहीं वित्तीय वर्ष 2025-26 में कंपनी की रेवेन्यू 9.37 फीसदी बढक़र 288 करोड़ के मुकाबले 315 करोड़ रुपए दर्ज की गई। इस दौरान कंपनी का नेट प्रॉफिट 36 फीसदी बढक़र 19 करोड़ रुपए दर्ज किया गया था। कोटयार्क इंडस्ट्रीज लिमिटेड के मैनेजिंग डायरेक्टर गौरांग शाह ने बताया कि सरकार का सस्टेनेबेलिटी पर पूरा फोकस बना हुआ है, जिसके कारण बायोफ्यूल इंडस्ट्री का फ्यूचर सुनहरा बना हुआ है। निवेशकों ने कंपनी पर जिस प्रकार से भरोसा जताया है उस पर कंपनी खरा उतरने के साथ उनका पूरा ध्यान रख रही है। कंपनी की फाइनेंशियल ग्रोथ आगे भी सस्टेन करेगी। कंपनी ग्रीन एनर्जी और सस्टेनेबल डवलपमेंट ऑफ रिन्यूएबल सोर्सेस आदि पर काम करती है। कंपनी इन्वायरमेंट फ्रेंडली टेक्नोलॉजी के जरिए बायोफ्यूल बना रही है।