कृत्रिम मेधा (एआई) कंपनी फ्रैक्टल एनालिटिक्स का वित्त वर्ष 2025-26 की चौथी तिमाही में एकीकृत शुद्ध लाभ दोगुना से अधिक होकर 116 करोड़ रुपये हो गया। कंपनी का वित्त वर्ष 2024-25 की चौथी (जनवरी-मार्च) तिमाही में मुनाफा 55.5 करोड़ रुपये था। फ्रैक्टल एनालिटिक्स के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (समूह) श्रीकांत वेलामकन्नी ने कहा, ‘‘ इस वृद्धि का नेतृत्व स्वास्थ्य देखभाल और जीवन विज्ञान खंड ने किया, जिसमें चौथी तिमाही में 82 प्रतिशत और समूचे वर्ष में 66 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज हुई। इसके बाद बैंकिंग, वित्तीय सेवाएं और बीमा खंड में पूरे वर्ष में 32 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।’’ समीक्षाधीन तिमाही में कंपनी की परिचालन आय 17 प्रतिशत बढक़र 886 करोड़ रुपये हो गई जो पिछले वर्ष की समान अवधि में 757.5 करोड़ रुपये थी।