आईटीसी लिमिटेड अपने लग्जरी चॉकलेट ब्राण्ड फाबेल की प्रोडक्शन कैपेसिटी को डबल करने का विचार कर रही है। अपने वाले पन्द्रह से अठ्ठारह माह में ऐसा किया जा सकता है। ब्राण्ड को एक दशक का समय पूरा हो गया है और अब कम्पनी रिटेल फुटप्रिंट बढ़ाने का भी विचार कर रही है। लग्जरी चॉकलेट सेगमेंट के प्रति भारतीय उपभोक्ताओं का रुझान बढ़ रहा है, ऐसे में कम्पनी ने विस्तार का मन बनाया है। ओवरऑल चॉकलेट सेगमेंट करीब 22,000 करोड़ रुपये का है। इसमें से लग्जरी चॉकलेट सेगमेंट करीब 1,000 से 1200 करोड़ रुपये का है। यह तेजी से विकसित हो रहा है। कम्पनी के एक अधिकारी ने कहा है कि वर्तमान में हरिद्वार और बैंगलुरु फैसिलिटी में फाबेल का प्रोडक्शन किया जा रहा है। अस्सी प्रतिशत पोर्टफोलियो हैंडक्राफ्टेड है। आने वाले दो-तीन वर्ष में ब्राण्ड की रिटेल उपस्थिति को डबल करने की योजना है। वर्तमान में आईटीसी होटल्स में 14 बूटीक हैं, बैंगलोर एयरपोर्ट और मॉल्स में तीन आउटलैट ऑपरेट किये जा रहे हैं। मैट्रो शहरों में मॉल्स और लार्ज रिटेल स्पेस में उपस्थिति बढ़ाने की योजना है। उनके अनुसार ई-कॉमर्स और क्विक कॉमर्स ने ब्राण्ड को आगे बढ़ाने में मदद की है। करीब 50 प्रतिशत कारोबार ई-कॉमर्स चैनल से प्राप्त हो रहा है।