सीजफायर की खबर से भारतीय बाजार में गोल्ड और सिल्वर ईटीएफ में तेजी देखने को मिली। सोमवार को कई गोल्ड और सिल्वर ईटीएफ में करीब 4 परसेंट तक की बढ़त दर्ज हुई। इंवेस्टर सेंटिमेंट बेहतर होने और और इंटरनेशनल बुलियन प्राइस में मजबूती ने इन फंडों को समर्थन दिया। तनाव कम होने से जोखिम की भावना सुधरी और कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट आई। सिल्वर ईटीएफ में सबसे ज्यादा तेजी देखी गई। कई सिल्वर ईटीएफ में लगभग 4 परसेंट तक की बढ़त दर्ज हुई। इनमें टाटा सिल्वर ईटीएफ, कोटक सिल्वर ईटीएफ, निप्पॉन इंडिया सिल्वर ईटीएफ, एचडीएफसी सिल्वर ईटीएफ और डीएसपी सिल्वर ईटीएफ जैसे फंड शामिल रहे। गोल्ड ईटीएफ में भी खरीदारी का रुझान रहा। टाटा गोल्ड ईटीएफ, निप्पॉन इंडिया ईटीएफ गोल्ड बीईईएस, आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल गोल्ड ईटीएफ और एसबीआई गोल्ड ईटीएफ जैसे फंडों में मजबूती देखी गई। अमेरिकी डॉलर में गिरावट ने भी सोने को समर्थन दिया। जब डॉलर कमजोर होता है तो अन्य देशों के निवेशकों के लिए डॉलर में कीमत वाली सोने जैसी धातुएं अपेक्षाकृत सस्ती हो जाती हैं, जिससे मांग बढ़ सकती है।